चंडीगढ़। डायबिटीज के मरीजों के लिए आंखों की नियमित जांच उतनी ही जरूरी है, जितनी ब्लड शुगर की निगरानी। लंबे समय तक अनियंत्रित शुगर रेटिना की महीन रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचाती है। खास बात यह है कि बीमारी शुरुआती चरण में बिना किसी परेशानी के बढ़ सकती है। यह जानकारी नेत्र रोग विशेषज्ञों ने मंगलवार को प्रेस क्लब में दी।
रेटिना विशेषज्ञ डॉ. मंगत राम डोगरा के अनुसार, फंडस फोटोग्राफी और ओसीटी (ऑप्टिकल कोहेरेंस टोमोग्राफी) से रेटिना में होने वाले सूक्ष्म बदलावों की पहचान की जा सकती है। ओसीटी से पर्दे की परतों और उनमें मौजूद सूजन की विस्तृत तस्वीर मिलती है। इससे इलाज का सही समय तय करने में मदद मिलती है। डॉ. मनप्रीत बराड़ के मुताबिक, आंखों के सामने तैरते काले धब्बे, अचानक धुंधलापन या नजर में पर्दा आने जैसी शिकायत को सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ये रेटिना में रक्तस्राव या गंभीर बदलाव के संकेत हो सकते हैं।
डॉ. एसपीएस ग्रेवाल ने कहा कि निष्क्रिय जीवनशैली और असंतुलित खानपान के बीच नियमित स्वास्थ्य जांच की आदत जरूरी है। वहीं, विशेषज्ञों ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान हार्मोनल बदलाव और मधुमेह के कारण रेटिना की बीमारी बढ़ सकती है। इसलिए गर्भधारण की योजना बना रही महिलाओं को भी आंखों की जांच नहीं टालनी चाहिए। डायबिटीज के मरीजों को याद रखना चाहिए कि चश्मे का नंबर जांचना और रेटिना की जांच अलग-अलग हैं। सामान्य दृष्टि होने पर भी आंखों के पर्दे की जांच जरूरी है।