लाल किले की प्राचीर से दिए प्रधानमंत्री मोदी के भाषण की एक बात अभिनेता धर्मेंद्र के दिल को छू गई। 'लोग लड़कियों से तो पूछते है कि कितने बजे तक आएगी, लेकिन लड़कों से कोई नहीं पूछता। कितनी खूबसूरत बात कहीं है मोदी जी ने, अगर यह हर कोई पूछने लग जाए तो समाज लड़कियों के लिए भी बेहतर बन जाएगा।
शुक्रवार सुबह यह बात नरेंद्र मोदी के मुंह से सुनी तो दिल को लग गई। लड़कियों के पक्ष में बात करते हुए यह बात एक्टर धर्मेंद्र ने कही। धर्मेंद्र शनिवार शाम सेक्टर 17 के एक होटल में अपनी आने वाली फिल्म डबल दी ट्रबल के म्यूजिक लांच में पहुंचे। धर्मेंद्र के साथ प्रमोशन के लिए गिप्पी ग्रेवाल, गुरप्रीत घुग्गी, निर्देशक समीप कंग, निर्देशक अशोक घई मौजूद रहे।
कहा पूरा पंजाब मेरा घर है
धर्मेंद्र ने कहा कि पंजाबी फिल्मों में काम करने के बारे में बहुत देर से सोच रहे थे, लेकिन किसी अच्छी स्क्रिप्ट के इंतजार में इतना समय लग गया। उन्होंने कहा कि फिल्म में वह डबल रोल में नजर आएंगे।
उन्होंने बताया कि लोग उनसे उनकी एनर्जी का राज पूछते है असलियत में कैमरे के सामने आने पर मैं एनर्जी से भर जाता हूं और इतना जवान हो जाता हूं की जवानों के भी पसीने छूट जाते है। पंजाब में अपने घर के सवाल के पूछे जाने पर धर्मेंद्र ने कहा कि पूरा पंजाब उनका घर है और वह किसी के भी घर में जाएं तो कोई उन्हें मना नहीं करेगा।
धर्मेंद्र ने कहा कि मुंबई में भी वह पूरे पंजाबियों की तरह रहते है। उन्होंने बताया कि पंजाब की खुशबू के लिए उन्होंने खास पंजाब में पाए जाने वाले फूलों को अपने फार्म हाउस में उगाया है।
मां ने कहा कि तू सच में बड़ा एक्टर बन गयाः गुरप्रीत घुग्गी
प्रमोशन में शामिल गुरप्रीत ने कहा कि एक दिन जब फिल्म का ट्रेलर टीवी में आया तो उनकी मां ने उनसे कहा कि तू सच विच एना वड़ा कलाकार हो गया ए।
उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र जैसे बड़े कलाकार के साथ काम करना उनका सौभाग्य है और साथ ही पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री का भी।