सेक्टर 20 की एक दुकान पर बर्तन की खरीदारी करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
धनतेरस के मौके पर ट्राईसिटी में (चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली) के बाजारों में धन और रश (भीड़) दोनों देखने को मिल रही है। धनतेरस पर आभूषणों के साथ-साथ नए बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। इसी के चलते बाजारों में खूब रौनक है। धनतेरस के दो दिन बाद दीपावली का पर्व है। त्योहारी सीजन पर चंडीगढ़ के बाजारों में खरीदारी के लिए खासी भीड़ उमड़ रही है। धनतेरस के मौके पर सर्राफा बाजार में खूब रौनक लगी हुई है। सर्राफा कारोबारियों के मुताबिक इस बार सोने-चांदी और डायमंड का कारोबार 200 करोड़ से अधिक हो सकता है।
धनतेरस पर व्यापारियों को बाजार से अच्छे कारोबार की उम्मीद है। दुकानदारों लोगों का कहना है कि ग्राहक खुलकर खर्च कर रहा है। दशहरा, करवाचौथ के बाद अब धनतेरस के बाजार पूरी तरह तैयार है। लोगों ने वाहन, जेवर और अन्य सामान की प्री बुकिंग भी करवाई है। धनतेरस की पूर्व संध्या पर सोमवार को जिले के बाजार जगमगा रहे थे। अन्य दिनों की अपेक्षा बाजारों में चहल-पहल भी ज्यादा थी।
धनतेरस पर लोग सोने, चांदी की जमकर खरीदारी करते हैं। ज्वेलरी की दुकानों पर भगवान लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की मांग काफी ज्यादा है। इसके अलावा लोग सोने चांदी के सिक्कों की काफी ज्यादा खरीदारी करते हैं। सिक्कों और सोने के सिक्कों की ज्यादा प्री-बुकिंग है। दुकानदारों के अनुसार यह मूर्तियां शत-प्रतिशत शुद्ध सोने चांदी से बनाई गई हैं। बाजार में चांदी की मूर्तियां एक हजार रुपये से शुरु है। चांदी के सिक्के पांच सौ रुपये से शुरू हैं।
ये है खरीदारी के लिए शुभ मुहूर्त
धनतेरस पर खरीदारी के लिए शुभ मुहूर्त अहम माना जाता है। शुभ मुहूर्त की बात करें तो ज्योतिषों के अनुसार मंगलवार सुबह 10 बजकर 32 मिनट से लेकर खरीदारी का शुभ मुहूर्त है। इस बार धनतेरस के अगले दिन तक खरीदारी करना शुभ है।
सभी जगह पुलिस भी अलर्ट
दुकान के बाहर टेंट लगाकर सजाए सामान को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी। व्यापारियों का कहना है कि धनतेरस पर आज देर रात तक बाजार खुला रहेगा। उधर पुलिस भी अलर्ट है। किसी भी तरह की घटनाओं से निपटने के लिए सिविल ड्रेस के अलावा वर्दी में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती रहेगी। सेक्टरों में ग्राहकों की रौनक देखने को मिल रही है। दुकानदारों ने खरीदारी करने पर अलग-अलग गिफ्ट की स्कीम निकाली हैं। इसके अलावा कई दुकानों पर आकर्षण ऑफर के साथ लक्की ड्रॉ भी निकाले जा रहे हैं।
सजावटी सामान की हो रही बिक्री
सेक्टरों में फुटपाथ पर घरों को सजाने का सामान बिक रहा है। लोग घर की सजावट के लिए जमकर खरीदारी कर रहे हैं। घर को सजाने के लिए अलग-अलग तरह की लाइटें बाजार में मिल रहीं हैं। लकड़ी से लेकर मिट्टी के सामानों की खरीदारी भी लोग कर रहे हैं। दुकानदार निखिल गर्ग ने बताया कि लोग फ्लावर पॉट और प्लास्टिक के आर्टिफिशियल फूल खरीदना ज्यादा पसंद कर रहे हैं।