इंटरनेशनल पुलिस से भी ज्यादा एडवांस होगी चंडीगढ़ पुलिस। जवानों ने एलएलबी, बीटेक, एमटेक जैसी अन्य डिग्री हासिल की हैं जो चंडीगढ़ पुलिस का कद ऊंचा करती है। यह सौभाग्य की बात है कि इतने ज्यादा पढ़े लिखे नौजवान पुलिस विभाग में शामिल हो रहे हैं। ये बातें चंडीगढ़ पुलिस के डीजीपी संजय बेनीवाल ने कहीं। मौका था 18वीं और 19वीं कांस्टेबल भर्तियों में पासिंग आउट परेड का। इनसे 13 महिला और 48 पुरुषों को पुलिस विभाग में शामिल किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संजय बेनीवाल उपस्थित हुए। कार्यक्रम में डॉ. ओपी मिश्रा, एसएसपी निलांबरी विजय जगदले, पुलिस लाइन डीएसपी सतीश कुमार समेत अन्य डीएसपी व थाना एसएचओ और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।
इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि इस भर्ती में 12वीं क्लास शिक्षा की मांग थी लेकिन कई नौजवानों के पास अच्छी डिग्री है। विभाग में शामिल किए गए जवानों को वीआईपी सुरक्षा, मानवाधिकार, फायरिंग, योग, पीटी, साइबर अपराध जैसे अन्य पहलु पर ट्रेनिंग दी गई है। इसके अलावा उन्हें आईपीसी और सीआरपी के बारे में शिक्षा दी गई है।
इस दौरान डीजीपी ने सभी को कड़ी मेहनत पर उन्हें बधाई दी और साथ कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है नौजवान चंडीगढ़ पुलिस में शामिल होना चाहते हैं। साथ उन्होंने नौजवानों द्वारा की गई परेड की सराहना भी किया। डीएसपी सतीश कुमार ने शामिल हुए पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम के अंत में उन्हें सम्मानित कर उत्साह बढ़ाया गया।