चंडीगढ़। वृंदावन मेरो वृंदावन... पतझड़ में फूल खिल गया, मेरा सांवरा मुझे मिल गया... जैसे मधुर भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। अवसर था सेक्टर-34 के प्रदर्शनी ग्राउंड में शनिवार को आयोजित श्रीमद्भागवत कथा और वृंदावन प्राकट्य उत्सव का। कथा व्यास इंद्रेश महाराज ने अपने प्रवचन के दौरान एक से बढ़कर एक भक्ति भजनों की प्रस्तुति दी, जिसने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
इंद्रेश महाराज ने कहा कि सबके मन में वृंदावन प्रकट हो गया है। यह मंच वृंदावन धाम है। आप सभी यमुना की बिंदु हैं। उनके शब्दों ने श्रद्धालुओं के हृदय को छू लिया और भक्ति के रंग में डुबो दिया।
श्री कृष्ण प्रिया जू संकीर्तन मंडल की ओर से आयोजित इस भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार को हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा के दौरान राधा-राधा और गोविंद-गोविंद की भक्ति भरी गूंज पूरे पंडाल में सुनाई दी। इस दौरान पंडाल को आकर्षक तरीके से सजाया गया था, जिसने आयोजन की शोभा को और बढ़ाया। इस अवसर पर मुनीश बाजाज, संदीप चुघ, तन्मय बंसल, हैप्पी और युवराज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
इस मौके पर प्रसिद्ध गायक बी प्राक ने बताया कि इस भागवत कथा में देश के प्रख्यात संत पधारेंगे जो शहरवासियों को वृंदावन की भक्ति से जोड़े रखेंगे। यह आयोजन 3 अक्टूबर तक चलेगा। आने वाले दिनों में बागेश्वर सरकार, राधा वल्लभ से मोहित मराल, चित्र विचित्र और जया किशोरी जैसे संत इस कथा में शामिल होंगे। कथा के साथ-साथ मोर कुटी भाव, लाल जी पालना महोत्सव, दही हांडी उत्सव, होली उत्सव, सांझी स्वरूप, दशहरा का स्वरूप और विश्राम दिवस जैसे कई आयोजन किए जाएंगे। ये सभी कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए भक्ति और आनंद का अनूठा संगम होंगे।