चंडीगढ़। नगर निगम के चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा ने शनिवार को सेक्टर-26 स्थित ट्रांसपोर्ट एरिया का निरीक्षण कर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान अधीक्षण अभियंता केपी सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं और शेष कार्य 15 अप्रैल तक पूरा होने की उम्मीद है। विशेष रूप से सीवर नेटवर्क में सुधार से दुकानदारों और परिवहन संचालकों को बार-बार होने वाली दिक्कतों से राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान सड़कों और गलियों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि वर्षा जल निकासी प्रणाली के निर्माण का कार्य आवंटित कर दिया गया है, जो 6 अप्रैल 2026 से शुरू होगा और एक महीने के भीतर पूरा किया जाएगा। इससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या पर काबू पाया जा सकेगा। चीफ इंजीनियर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट एरिया शहर का प्रमुख वाणिज्यिक और लॉजिस्टिक हब है, इसलिए यहां की बुनियादी सुविधाओं में सुधार प्राथमिकता है। इस दौरान उन्होंने ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने का भरोसा दिलाया।