चंडीगढ़। वर्ष 2021 से 2023 तक यूटी पुलिस मुख्यालय की ओर से करीब 133 जवानों के तबादले किए गए। लेकिन सेटिंग के चलते इन जवानों को मौजूदा पोस्टिंग वाले अफसरों ने उनके पद से रिलीव ही नहीं किया। इसका खुलासा कुछ दिन पहले डीजीपी द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान हुआ, लेकिन लोकसभा चुनावों के चलते आचार संहिता लगी होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी। अब आचार संहिता हटते ही मुख्यालय की ओर से 6 जून को करीब 133 जवानों को उनकी मौजूदा पोस्टिंग से रिलीव करके नई पोस्टिंग वाली जगह ज्वाइन करने संबंधित आदेश जारी हुए है।
अगर जारी की गई सूची पर ही एक नजर डाले तो इसमें केहर सिंह इंस्पेक्टर ओआरपी को पुलिस थाना सेक्टर-19 से सेक्टर-26 थाना का भी नाम शामिल है। इसके अलावा सब इंस्पेक्टर के 14, एएसआई के चार, हेड कांस्टेबल के 10, कांस्टेबल के 49, एल-एएसआई के 20, एल कांस्टेबल के करीब 18 जवानों के नाम इसमें शामिल हैं। इस सूची में जवान का रैंक, बेल्ट नंबर, नाम, मौजूदा पोस्टिंग, नई पोस्टिंग और आर्डर नंबर तक दिया गया है। इस सूची के मुताबिक वर्ष 2021 से लेकर 2023 तक तबादला करने के बाद भी माैजूदा पोस्ट से रिलीव न होकर उसी जगह तैनात रहने वालों के ही नाम शामिल किए गए हैं।
बदल दी गई ड्यूटी और तैनाती की जगह : इसके अलावा बीच में कई ऐसे जवानों के नाम भी सामने आए है जिन्होंने अपनी जगह किसी अन्य जवान के तबादला आदेश नई पोस्टिंग वाली जगह के लिए करवा दिए हैं। सूची के मुताबिक एएसआई एल-आर बेल्ट नंबर 3201 पुलिस लाइन से पीओ सम्मन स्टाफ में भेजने के आदेश डी/74 यूटी/एसएसपी/यूटी/तारीख 19/05/2023 को जारी हुए, लेकिन आदेशों के मुताबिक मौजूदा समय में यह जवान इन दोनों जगहों के बजाय मनीमाजरा थाने में कार्यरत हैं। इसके अलावा कांस्टेबल कुलदीप सिंह को पुलिस थाना मनीमाजरा से पुलिस लाइन (ज्यूडिशियल लॉकअप) डी-85/यूटी/आरडी/एसएसपी बीते 19 मई के आदेश हं जबकि वह एसडीपीओ नार्थ ईस्ट के पास ड्राइवर तैनात है। इसी तरह से एसआई गुरपूरन सिंह को पुलिस थाना-36 से पुलिस थाना-31 में तबादला के आदेश हैं, लेकिन वह मौजूदा समय में पुलिस लाइन में हैं।