चंडीगढ़। सोने की कीमतों में लगातार उछाल जारी है। वर्तमान में यह लगभग 99,400 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि कीमतों में अभी और वृद्धि देखने को मिल सकती है। हालांकि, महंगाई के बावजूद चंडीगढ़ में सोने की खरीदारी में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। कारोबारियों का कहना है कि अक्षय तृतीया और आगामी शादियों के मौसम को देखते हुए लोग सोने में निवेश बढ़ा रहे हैं। पहले यह अनुमान लगाया जा रहा था कि कीमतों में वृद्धि से खरीदारी पर असर पड़ेगा, लेकिन भविष्य में मुनाफे की संभावना को देखते हुए लोगों ने सोने में लगातार निवेश किया है।
विज्ञापन
अब तक सबसे उच्चतम कीमत पर पहुंचा सुंदर ज्वेलर्स के एमडी महेंद्र खुराना ने बताया कि वर्तमान में सोना अपने इतिहास के उच्चतम स्तर पर है, जो लगभग 99,400 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है। 17 अप्रैल को जीएसटी जुड़ने के बाद, भाव एक बार एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम को भी पार कर गया था। उन्होंने आशंका जताई कि यदि चीन और अमेरिका के बीच व्यापार युद्ध जारी रहता है, तो इस साल सोने की कीमतें 1 लाख 30 हजार रुपये तक पहुंच सकती हैं।
ऑल इंडिया बुलियन एसोसिएशन के सदस्य राहुल गुप्ता ने बताया कि
इस महंगाई का बाजार में बिक्री पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। लोगों ने अपनी खरीदारी का बजट कम नहीं किया है। हालांकि, साल की शुरुआत में जहां 10 ग्राम सोने के लिए 78 हजार रुपये खर्च करने पड़ रहे थे, वहीं अब लगभग 99 हजार रुपये खर्च करने पड़ेंगे। इस वजह से तौल के हिसाब से सोना कम बिक रहा है, लेकिन ग्राहकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। हर व्यक्ति निवेश के उद्देश्य से सोना खरीद रहा है। इस साल सोने की कीमतों में लगभग 20 प्रतिशत का उछाल आया है।
विज्ञापन
अक्षय तृतीया पर बेहतर खरीदारी की उम्मीद
कारोबारियों को उम्मीद है कि इस बार अक्षय तृतीया पर अच्छी खरीदारी होगी। 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया का त्योहार है, और इसके लिए ज्वेलरी शोरूम मालिक विशेष ऑफर और पैकेज तैयार कर रहे हैं। महेंद्र खुराना ने बताया कि अक्षय तृतीया को लेकर कई तरह के ऑफर पहले से ही चल रहे हैं।
इस साल 21 हजार रुपये तक बढ़ी कीमतें
इस साल 1 जनवरी को सोने का भाव 78,000 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो अब बढ़कर लगभग 99,400 रुपये तक पहुंच गया है। इस प्रकार, इस साल सोने की कीमतों में लगभग 21,000 रुपये की वृद्धि हुई है।