बिजली का बिल जमा करवाने के बाद भी बिजली निगम द्वारा बिजली उपभोक्ता से चार महीने का बिजली चार्ज किए जाने का मामला सामने आया है। बिजली उपभोक्ता ने मामले की शिकायत बिजली निगम के अधिकारी को दी और मामले की जांच करवाए जाने की मांग की है।
सेक्टर-21 के मकान नंबर 1137 के निवासी व रिटायर्ड नायब तहसीलदार देवी दत्त शर्मा की पत्नी शारदा देवी के नाम बिजली का कनेक्शन है। उन्होंने बताया कि नवंबर 2015 से जनवरी 2016 और जनवरी 2016 से मार्च 2016 तक का बिजली बिल सेक्टर के कम्यूनिटी सेंटर में जमा करवाया था।
इसके बावजूद भी उनसे बिजली निगम द्वारा अगले बिल में चार्ज जोड़कर बिजली का बिल भेजा गया। देवी दत्त ने बिजली बिल को लेकर बिजली निगम के अधिकारी को लिखित शिकायत दी है और उसने जमा किए गए बिजली के बिल का चार्ज नहीं किए जाने की मांग की है।
देवी दत्त शर्मा ने बताया कि उनके एरिया का बिजली का बिल सेक्टर के कम्यूनिटी सेंटर में जमा होता है। उन्होंने बिजली का बिल 20 नवंबर, 2015 से 20 जनवरी, 2016 तक का बिजली बिल 5329 रुपये 10 फरवरी, 2016 को जमा करवाया था।
वहीं, 20 जनवरी, 2016 से 20 मार्च 2016 तक का बिजली बिल 5487 रुपये 13 अप्रैल, 2016 को जमा करवाया था। हैरानी की बात यह है कि बिजली निगम बिल जमा होने की बात से इनकार किया जा रहा है।
निगम के अधिकारी के पास जब पहली बार इसकी शिकायत लेकर गया था तो उस समय उन्होंने भरोसा दिया था कि उनके समस्या का हल निकाला जाएगा, लेकिन कुछ दिनों बाद से ही अधिकारियों द्वारा रिकॉर्ड नहीं होने की बात दोबारा से बिजली का बिल जमा करवाने को कहा गया।
मामले के संबंध में उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसडीओ आरके गोयल ने बताया कि देवी दत्त शर्मा मेरे पास शिकायत लेकर आए थे। मैने मामले की जांच करवाई तो पता चला कि जिस तारीख को उपभोक्ता द्वारा बिजली का बिल जमा करवाया गया है, उस तारीख में बिजली के कर्मचारियों द्वारा सेक्टर-21 में किसी बिजली का बिल का कलेक्शन नहीं किया गया है।