पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में पंचकूला सीबीआई कोर्ट द्वारा 11 जनवरी को फैसला सुनाए जाने को लेकर उपायुक्त प्रभजोत सिंह ने शनिवार को डेरा सच्चा सौदा से जुड़े प्रतिनिधियों की बैठक ली। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. अरुण सिंह, एसडीएम राहुल हुड्डा, नगराधीश प्रीतपाल सिंह व डीएसपी हेड क्वार्टर रविंद्र कुमार, सीआईडी डीएसपी अजय शर्मा, सिरसा सीआईडी इंजार्च मान सिंह भी मौजूद रहे।
इस बैठक में उपायुक्त डेरा सच्चा सौदा प्रतिनिधियों से साफ रूप से कहा कि सीबीआई कोर्ट के फैसले के दिन अगर कोई अप्रिय घटना हुई तो प्रशासन सख्त एक्शन लेगा। इस पर डेरा के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त को आश्वासन दिया कि डेरे से जुड़ा हर व्यक्ति प्रशासन का सहयोग करेगा। जिला में कोई भी गलत अफवाह नहीं फैलने दी जाएगी व शांति व्यवस्था बनाए रखने मे प्रशासन का सहयोग किया जाएगा। डेरे के प्रतिनिधियों ने कहा कि रविवार छह जनवरी को होने वाली नामचर्चा को भी स्थगित कर दिया गया है। इसके साथ ही अगर डेरे से जुड़े किसी भी व्यक्ति को कोई गलत अफवाह सुनने को मिलती है जिससे शांति व्यवस्था भंग हो, उसकी तुरंत जानकारी प्रशासन को उपलब्ध करवा दी जाएगी।
पुलिस प्रशासन को सख्त कदम उठाने के निर्देश
इस दौरान उपायुक्त प्रभजोत सिंह ने कहा कि सिरसा में असामाजिक तत्वों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए जिला पुलिस प्रशासन की ओर से सख्त कदम उठाए जाएं। डेरा सच्चा सौदा व शहर के सभी प्रमुख मांगों पर नाकाबंदी होनी चाहिए। पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा सभी मार्गों पर गहन जांच की जाए।
डीसी ऑफिस में कंट्रोल रूम स्थापित
जिला प्रशासन ने अफवाहों को रोकने के लिए उपायुक्त कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया है, कोई भी व्यक्ति कंट्रोल रूम में अफवाहों जानकारी दे सकता है ताकि गलत अफवाहों से शहर की शांति व्यवस्था भंग न हो पाए।
सिरसा में सुरक्षा व्यवस्था हुई सख्त
सीबीआई कोर्ट के संभावित फैसले को लेकर पुलिस प्रशासन ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। डेरा सच्चा सौदा समक्ष व आसपास स्थित नाकों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई है। इसके अलावा पुलिस ने डेरा की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर वाहनों की जांच करनी शुरू की है। शहर में भी पुलिस संदिग्ध लोगों पर पैनी नजर रख रही है।