डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम के लिए सिरसा में की गई हिंसा मामले में पुलिस ने एक और आरोपी जोगिंद्र को गिरफ्तार किया है, इसने सुरक्षा बलों पर हमला किया था। रविवार को पुलिस ने आरोपी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट समक्ष पेश किया। यहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जोगिंद्र सिंह डेरा सच्चा सौदा के पास स्थित शाह सतनाम नगर का रहने वाला है। उसपर आगजनी करने, सुरक्षा बलों पर हमला, देशद्रोह व सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप है।
गौरतलब है कि साध्वी यौन शोषण मामले में पंचकूला सीबीआई कोर्ट ने 25 अगस्त 2017 को फैसला सुनाना था। डेरा सच्चा सौदा प्रबंधन ने अदालत के संभावित फैसले को भांपते हुए डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम का 15 अगस्त को जन्मदिन सप्ताह मनाने का फैसला किया। जन्मदिन सप्ताह मनाने के लिए देशभर से लाखों अनुयायी डेरा सच्चा सौदा पहुंचे।
डेरा प्रबंधन समिति व तमाम कमेटियों के पदाधिकारियों की डेरा में बैठक कर संभावित फैसले के बाद की योजना तैयार की। 17 अगस्त 2017 को डेरा मुखी की अगुवाई में डेरा प्रबंधन समिति की अहम पदाधिकारियों व करीबियों की बैठक हुई। इस बैठक में हनीप्रीत इंसां, आदित्य इंसां, पवन इंसां, डॉ पीआर नैन, गोलो मौसी, नवीन कुमार उर्फ गोभी, अभिजीत व बेयंत कौर भी शामिल थी।