खुफिया एजेंसियों का कहना है कि साध्वी रेप केस में राम रहीम को सजा सुनाए जाने के बाद हरियाणा और पंजाब में दंगे हो सकते हैं। इसके लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। हालांकि रोहतक में कड़े सुरक्षा इंतजाम है। जेल के बाहर किसी भी संदिग्ध को देखते ही गोली मार देने के आदेश जारी किए गए हैं।
लेकिन 28 अगस्त को सीबीआई अदालत द्वारा यौन शोषण के दोषी डेरामुखी गुरमीत राम रहीम इंसा को सजा सुनाने के बाद हरियाणा और पंजाब में दंगा कर दहलाने की साजिश रची गई है। इसके लिए गुस्साए डेराप्रेमी लामबंद हो रहे हैं। चूंकि अब सरकारों और पुलिस ने डेरे के नामचर्चा घरों को सील करना का काम शुरू कर दिया है।
इसलिए दंगा भड़काने और दोनों सूबों को दहलाने की साजिश करने वालों ने अन्य गोपनीय ठिकानों पर हथियार जुटाने शुरू कर दिए हैं। हरियाणा और पंजाब पुलिस को खुफिया एजेंसियों से ये इनपुट मिल चुका है और दोनों राज्यों की पुलिस ने इस पर काम करना भी शुरू कर दिया है।
दोनों राज्यों की पुलिस ने अपनी-अपनी स्पेशल क्राइम इंवेस्टीगेशन एजेंसियां ऐसे डेराप्रेमियों को धरपकड़ में लगा दिया है, जिन्होंने डेरामुखी को सजा सुनवाई के बाद दोनों राज्यों में दंगा फैलाने की तैयारी की है।
कई दिनों तक चाहते हैं दंगा फैलाना
दोनों राज्यों की पुलिस को केंद्रीय खुफिया एजेंसियों और सीआईडी टीमों ने अलर्ट किया है कि जैसे ही सीबीआई अदालत सजा का ऐलान करेगी, तभी दोनों राज्यों में डेरे के उत्पाती समर्थक सड़कों पर तेजधार हथियारों, पत्थर, डंडों, हॉकी स्टिक, बेसबॉल स्टिक व पेट्रोल बम आदि केसाथ उतरकर तबाही मचा सकते हैं।
उन्होंने गोपनीय ठिकानों पर हथियार जुटा लिए हैं। इतना ही नहीं ये उत्पाती लोग कई दिन तक दंगे का सिलसिला जारी रखने की भी साजिश रच रहे हैं।