पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में फिर एक हत्या के केस में सिरसा के डेरा सच्चा सौदा का नाम उछला है। डेरा सच्चा सौदा में हथियार प्रशिक्षण पर आर्मी इंटेलिजेंस की रिपोर्ट के मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने बुधवार को एक और गंभीर शिकायत पर हरियाणा सरकार से जवाब मांगा है।
डेरे के पूर्व श्रद्धालु राम कुमार बिश्नोई की ओर से डेरे में एक बीएड छात्रा की मौत को कत्ल बताते हुए सीबीआई जांच की मांग को लेकर हाईकोर्ट को पत्र लिखा गया था, इसी पर हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेकर नोटिस जारी किया है।
बिश्नोई ने पत्र में आरोप लगाया कि डेरे में साध्वियों से कथित दुराचार के मामले में अदालत तक में लिखित बयान आ चुका है कि डेरे के हॉस्टल से लड़कियां गुफा में ले जाई जाती थीं। हवाला दिया कि पिछले दिनों डेरे के गर्ल्स हॉस्टल में बीएड छात्रा सौम्या त्यागी की मौत हो गई थी। इसे आत्महत्या बताया जा रहा है। शिकायत में कहा गया है कि असल में यह कत्ल है और हरियाणा पुलिस डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के प्रभाव के कारण ऐसे मामलों की जांच नहीं कर रही। लिहाजा, सीबीआई जांच होनी चाहिए।