मनीमाजरा। नगर निगम की डिप्टी मेयर सुमन अमित शर्मा ने शास्त्री नगर के लोगों की सभा में पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। वार्ड नंबर-4 स्थित शास्त्री नगर में भाजपा नेता निवास काला की अगुवाई में मुस्लिम समुदाय की ओर से चाय पर चर्चा का आयोजन किया गया था, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी समस्याएं डिप्टी मेयर सुमन अमित शर्मा के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने क्षेत्र में साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत, सीवरेज व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और पेयजल से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। स्थानीय निवासियों ने कहा कि कुछ इलाकों में नियमित सफाई न होने और टूटी सड़कों के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा सीवरेज जाम और पानी की आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को भी सामने रखा गया।
डिप्टी मेयर सुमन अमित शर्मा ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से बात कर कुछ समस्याओं का तत्काल समाधान करवाया। बाकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा और किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि शास्त्री नगर को रेगुलर करने का प्रस्ताव एजेंडा हाउस की बैठक में पास कर दिया गया है और अब यह प्रशासक के पास मंजूरी के लिए भेजा गया है।