जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी द्वारा सांसद भगवंत मान को चुनाव लड़ाने संबंधी उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि इस क्षेत्र के लोग भगवंत मान की जमानत जब्त कराकर उसे घर भेज देंगे। व्यर्थ व झूठे वादों के सहारे आम आदमी पार्टी पंजाब वासियों को अब मूर्ख नहीं बना सकती और उनकी सियासी चालों और झूठ लोगों के सामने आ चुके हैं।
पंजाब विधानसभा चुनावों दौरान भगवंत मान समेत आम आदमी पार्टी को पंजाब में करारी हार का मुंह देखना पड़ेगा। शिअद-भाजपा गठजोड़ विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़कर लगातार तीसरी बार भी पंजाब में सत्ता संभालेगा। उन्होंने घोषणा की कि 2017 के चुनाव जीतने के बाद पंजाब के गांवों को शहरों जैसा विकसित किया जाएगा और पक्की गलियों-नालियों समेत पक्का रिंग रोड बनाकर सीवरेज सिस्टम को सुचारु किया जाएगा।
पत्रकारों द्वारा एसवाईएल संबंधी पूछे गए प्रश्नों के जवाब में सुखबीर ने कहा कि यह मुद्दा अब समाप्त हो चुका है और पंजाब सरकार ने नहर की जमीन मालिक किसानों को वापस कर दी है तथा अब किसान अपनी जमीनों की सिंचाई कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने राज्य की भलाई विशेष तौर पर किसानों का सदैव ही डटकर साथ दिया है। सरकार ने प्रण किया है एसवाईएल बनाने की ना तो कभी आवश्यकता थी ना ही है। पंजाब कृषि प्रधान राज्य है और पानी पंजाब की जान है तथा पानी की एक बूंद भी बाहरी राज्यों को देने के लिए पंजाब के पास फालतू नहीं है।
पूर्व सांसद सिद्धू का कोई सियासी वजूद नहीं: बादल
सीएम प्रकाश सिंह बादल
- फोटो : File Photo
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि पूर्व सांसद नवजोत सिंह सिद्धू जैसे मौकापरस्त और इधर-उधर भटकने वाले नेताओं का कोई सियासी वजूद नहीं होता है। सिद्धू अपने निजी स्वार्थों से अब तक किसी भी पार्टी में शामिल होने का फैसला तक नहीं कर पाए हैं। जो नेता किसी मसले पर अपना पक्ष तक स्पष्ट न कर पाए हों, उनका सियासी कैरियर खत्म ही समझो। पंजाब के लोग ऐसे मौकापरस्त नेताओं को मुंह नहीं लगाते, जो अपने निजी हितों की खातिर अपनी मां समान पार्टी से दगा कर जाएं।
मुख्यमंत्री बादल ने बुधवार को पैतृक गांव बादल में आयोजित संगत दर्शन कार्यक्रम के दौरान लोगों की मुश्किलें सुनीं। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि शिअद का विरोध सिर्फ वही नेता कर रहे हैं, जिन्हें पार्टी ने टिकट नहीं दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से निरोल मेरिट के आधार पर ही टिकटें दी गई हैं। विरोध करने वाले नेताओं को लोगों का समर्थन नहीं मिलेगा। उनका विरोध बेवजह ही है। ऐसे नेताओं का कोई सियासी भविष्य नहीं होता।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव पास आ चुके हैं। किसी भी नेता को किसी के भी खिलाफ चुनाव लड़ने की पूरी आजादी है। मगर यह बात भी पूरी तरह स्पष्ट है कि अगर आप के सांसद भगवंत मान उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ जलालाबाद विधानसभा से चुनाव लड़ते हैं, तो उनकी जमानत जब्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की ओर से नोटबंदी का लिया यह फैसला देश की जनता के लिए फायदेमंद होगा। यह फैसला देश की जनता के हितों को ध्यान में रखते ही लिया गया है।