ईंट-भट्ठे पर खेलते समय पानी के लिए बनाई हौद में गिरी थी
संवाद न्यूज एजेंसी
डेराबस्सी। मुबारकपुर-रामगढ़ रोड पर स्थित एक ईंट भट्ठे पर पानी की हौद में डूबने से डेढ़ साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की पहचान सुनैना पुत्री कुंदनदीन के रूप में हुई है।
जानकारी देते हुए मुबारकपुर चौकी प्रभारी ने बताया कि बच्ची के पिता कुंदनदीन मूलरूप से नालंदा बिहार हाल निवासी एकेएम के रहने वाले थे। जो ईंट भट्टे पर कार्यरत हैं। पुलिस ने बताया कि बच्ची के पिता ईंट-भट्ठे पर काम करने गए थे, जबकि पत्नी वनीता 14 महीने की बेटी सुनैना के साथ भट्ठे के लेबर क्वार्टर में घर पर थीं। वनीता बर्तन धो रही थी और पास ही सुनैना खेल रही थी। लेबर क्वार्टर में ही बर्तन धोने के लिए गंदा पानी इकट्ठा करने के लिए वहां एक गड्ढा बनाया गया था। बर्तन धोने के बाद वनीता घर में झाड़ू लगाने चली गई, जबकि सुनैना खेलते समय पानी के गड्ढे में गिर गई। गड्ढे में पानी बहुत कम था लेकिन वनीता को गिरने के करीब दस मिनट बाद पता चला। जब उसे बाहर निकाला गया तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। उसे तुरंत मुबारकपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत बता दिया। पुलिस ने बताया कि बच्ची के अलावा कुंदनदीन के दो बड़े लड़के हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।