-बठिंडा, संगरूर, फिरोजपुर व अमृतसर में घना कोहरा, तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसों की वजह
-बठिंडा में फॉर्च्यूनर डिवाइडर से टकराई, गुजरात की महिला पुलिसकर्मी समेत पाच की गई जान
संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा/संगरूर/जीरा(फिरोजपुर)/अमृतसर। पंजाब में घने कोहरे के बीच शनिवार सुबह बठिंडा, संगरूर, फिरोजपुर और अमृतसर में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में 10 लोगों की जान चली गई। सबसे दर्दनाक हादसा बठिंडा जिले में हुआ जहां तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार के डिवाइडर से टकराने पर गुजरात पुलिस की महिलाकर्मी समेत पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
गुजरात पुलिस में तैनात महिला पुलिस कर्मी अमिता अपने चार दोस्तों अंकुश, भरत, चेतन और सतीश के साथ फॉर्च्यूनर गाड़ी में बठिंडा से गुजरात की ओर जा रही थीं। गांव गुरथड़ी के पास मैन हाईवे पर तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और सभी सवारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बठिंडा भेज दिया गया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और सीमित दृश्यता बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जताया दुख
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस हादसे पर फेसबुक पोस्ट के जरिए गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह जिला प्रशासन के संपर्क में हैं और हादसे के कारणों की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी टीमों का हौसला भी बढ़ाया।
संगरूर में कार पेड़ से टकराई, पुलिसकर्मी मां व बेटी जिंदा जलीं
संगरूर जिले के दिड़बा के नजदीकी गांव सूलर घराट में शनिवार सुबह एक कार पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई जिसमें सवार मां-बेटी जिंदा जल गईं। गांव मौड़ां निवासी सरबजीत कौर जो सीआईडी में तैनात थीं अपनी माता इंद्रजीत कौर के साथ स्विफ्ट कार में रिश्तेदारी में जा रही थीं। सूलर घराट के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद कार में आग लग गई और दोनों बाहर नहीं निकल सकीं। डीएसपी डॉ. रुपिंदर कौर बाजवा ने बताया कि सुबह करीब सात बजे नहर के पास कार जलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों शवों को बुरी तरह झुलसी हालत में पाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच के लिए फोरेंसिक टीम बुला ली गई है और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
फिरोजपुर में ट्रक-बाइक में टक्कर, दो युवकों की मौत
घनी धुंध के कारण फिरोजपुर जिले में भी एक और जानलेवा हादसा हो गया। गांव झतरे के पास ट्रक और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार परमिंदर सिंह (30) निवासी आछीके और सुखमनदीप सिंह (15) निवासी वैरोवाल बुलेट बाइक पर जीरा की ओर जा रहे थे। उस समय इलाके में घनी धुंध छाई हुई थी और दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीरा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया। ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
अमृतसर-पठानकोट हाईवे पर बाइक सवार की मौत
घने कोहरे के कारण शनिवार सुबह अमृतसर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर कथूनंगल टोल प्लाजा के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। कम दृश्यता के चलते एक टेंपो, पिकअप और मोटरसाइकिल की आपस में टक्कर हो गई जिसमें बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 36 वर्षीय अमनप्रीत सिंह के रूप में हुई है जो पठानकोट से अमृतसर की ओर जा रहा था। टेंपो चालक को हिरासत में ले लिया गया है। हादसे के बाद कुछ देर हाईवे पर यातायात बाधित रहा।