मोहाली जिले में डेंगू के बढ़ते प्रकोप के बीच सोमवार को डीसी डीएस मांगट ने जिला सेहत सोसायटी के अधिकारियों के साथ आपात बैठक की। इस दौरान उन्होंने सेहत विभाग के अधिकारियों को हिदायत दी कि डेंगू से बचाव के लिए लोगों को निचले स्तर पर जागरूक किया जाए। लोगों से कहा जाए कि वह पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें।
डीसी ने बताया कि अब सिविल अस्पताल की ओपीडी का समय सुबह आठ से रात आठ बजे तक कर दिया गया है। जबकि इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे जारी रहेगी। इसलिए डेंगू का संदिग्ध मरीज अपना इलाज अस्पताल में करवा सकता है।
इसके अलावा सिविल अस्पताल में 24 घंटे खून टेस्ट करवाने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने निगम व सेहत विभाग के अधिकारियों को तालमेल कर फॉगिंग करने की हिदायत दी है। इसके अलावा जिले में पीएनडीटी एक्ट के तहत रजिस्टर्ड हुए अल्ट्रासाउंड सेंटरों की औचक चेकिंग करने के निर्देश दिए। वहीं, तंबाकू कंट्रोल प्रोग्राम को बढ़िया तरीके से चलाने को कहा।
प्रशासन ने नवंबर में जिले में सेहत जागरूकता मुहिम चलाने का फैसला किया है। इसके लिए सभी एसएचओ संबंधित एसडीएम से तालमेल करके योजना तैयार करेंगे। सिविल सर्जन रनजीत सिंह गुरु ने सेहत विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों से डीसी को रूबरू करवाया।