चंडीगढ़। सेक्टर-42 स्थित खेल निदेशक कार्यालय के बाहर खेल विभाग के कर्मचारियों ने शुक्रवार को काले झंडे लेकर प्रदर्शन किया। बाद में विभाग के संयुक्त निदेशक सुनील रायत के आश्वासन पर प्रदर्शनकारी शांत हुए। यह प्रदर्शन स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट कांट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर किया गया। प्रदर्शन के दौरान जोरदार नारेबाजी हुई। संयुक्त निदेशक ने प्रदर्शनकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल को बुलाया और उनकी मांगों पर जल्द गौर करने और माने जाने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि रुका हुआ वेतन शाम तक आ जाएगा। निकाले गए कर्मचारियों के काम पर रखने के लिए खेल निदेशक को जल्द प्रस्ताव भेजा जाएगा। ठेकेदार द्वारा काटा गया वेतन कर्मचारियों को जल्द दिलाया जाएगा।
प्रदर्शन को को-ऑर्डिनेशन कमेटी के प्रधान सतिंदर सिंह, महासचिव राकेश कुमार के अलावा यूनियन के महासचिव आरके तिवारी, चेयरमैन माम राज, द वाटर सप्लाई वर्कर्स यूनियन के प्रधान राजिंदर कुमार, इलेक्ट्रिकल वर्कमैन यूनियन के प्रधान किशोरी लाल, रवि चंदर, अशोक बेनीवाल, रघबीर सिंह ,सुनील कुमार, अवतार सिंह, गीता देवी और धनी राम ने संबोधित किया।