मनीमाजरा। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस व मनीमाजरा जिला कांग्रेस ने शुक्रवार को भाजपा शासित चंडीगढ़ नगर निगम व केंद्र सरकार के खिलाफ नगर निगम के सब कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर पार्किंग घोटाला, पानी की दरों में वृद्धि, शेयर वाइज मकानों की रजिस्ट्री पर प्रतिबंध लगाना, बिजली दरों में प्रस्तावित बढ़ोतरी, गैस और दूध की कीमतों में हालिया वृद्धि, बेरोजगारी और बढ़ती मुद्रास्फीति आदि मुद्दों को लेकर बीजेपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान जुलूस के रूप में रैली भी निकाली गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि महंगाई दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। बीजेपी सरकार महंगाई रोकने में विफल साबित हुई है। जिला अध्यक्ष सुरजीत ढिल्लों ने कहा कि शहर में संपर्क केंद्रों के माध्यम से सेवाओं के नाम पर इस नए शुल्क के कारण चंडीगढ़ के लोग अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं। पूर्व मेयर सुरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रॉपर्टी की शेयर वाइज रजिस्ट्रेशन को लेकर चंडीगढ़ में प्रॉपटी की खरीद फरोख्त करने पर रोक लगाई हुई है ऐसे में अफसरों की ओर से तानाशाही की जा रही है। पूर्व मेयर गुरचरण दास काला ने कहा कि चंड़ीगढ़ में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं और लोगों पर टैक्स पर टैक्स लगाया जा रहा है। संजय भजनी ने कहा कि भाजपा राज से लोग परेशान हो गए हैं। इसी बीच कांग्रेस पार्टी ने हाल ही में हुए पार्किंग घोटाले की सीबीआई जांच की मांग और तेज करते हुए 13 मार्च को गवर्नर हाउस के घेराव का एलान किया है।
ये रहे मौजूद
प्रदर्शन में पूर्व मेयर सुरिंदर सिंह, पूर्व मेयर गुरचरण दास काला, पार्षद दर्शना रानी, हाफिज अनवारुल हक्क, संजय भजनी, मनोज लुबना, ब्लॉक अध्यक्ष संजीव गाबा, केआर महाजन, राजीव मोदगिल, रवि ठाकुर, रामकुमार, मलकीत सिंह, हीरा, शाम सिंह, बुआ सिंह, फतेह सिंह, रईस अहमद, राम प्रकाश चौधरी, आरपी शर्मा, समसुदीन, जय प्रकाश चौटाला, अजय गुप्ता, सुमन, राफकिन, जुले लाल, शमीम अहमद, हरीश कुमार, विजय सक्सेना, कमलजीत बिल्ला, रंजोद सिंह, राज कुमार, किशोरी लाल, युवा कांग्रेस नेता पवनदीप, सिंह, सन्नी, बलजिंदर सिंह बल्ली, गुरजीत जीता, हरदीप सिंह, टोनी, शरू, हरमन, लक्की, काला, भूपिंदर भूपी, नरिंदर नंदी, मनोज गर्ग, भजन कौर, पवन फुटेला, ओमलता, हरभजन मौली, मनीष लांबा आदि शामिल रहे।