चंडीगढ़। लघु उद्योग भारती चंडीगढ़ शाखा ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के भुगतान के लिए क्रेडिट कार्ड सुविधा शुरू करने की मांग उठाई है। संगठन के अध्यक्ष अवि भसीन ने बुधवार को उपायुक्त-सह-आबकारी एवं कराधान आयुक्त निशांत कुमार यादव से मुलाकात कर इस संबंध में मांग पत्र सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में जीएसटी भुगतान मुख्य रूप से इंटरनेट बैंकिंग, राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक निधि अंतरण (एनईएफटी), वास्तविक समय सकल निपटान (आरटीजीएस) और अन्य पारंपरिक बैंकिंग माध्यमों से किया जाता है। क्रेडिट कार्ड विकल्प उपलब्ध न होने के कारण सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों को नकदी प्रवाह संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अवि भसीन ने कहा कि यह सुविधा मिलने से उद्योगों को अस्थायी तरलता सहायता मिलेगी और वे अपने नकदी प्रवाह का बेहतर प्रबंधन कर सकेंगे। इससे समय पर कर भुगतान सुनिश्चित होगा तथा कारोबार सुगमता और डिजिटल इंडिया जैसे केंद्र सरकार के उद्देश्यों को भी मजबूती मिलेगी। संगठन ने कहा कि कार्ड जारी करने वाली संस्था भुगतान की गारंटी देती है, इसलिए सरकार के राजस्व पर किसी प्रकार का जोखिम नहीं होगा।