चंडीगढ़। कोऑर्डिनेशन कमेटी ऑफ गवर्नमेंट इंप्लाइज एंड वर्कर यूटी चंडीगढ़ के पदाधिकारियों ने सोमवार को प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि कोरोना की महामारी में निकाले जा रहे आउटसोर्स कर्मचारियों को फिर से काम पर रखा जाए तथा कोरोना संक्रमित कर्मचारियों का वेतन न काटा जाए। इसके साथ ही कमेटी ने फ्रंटलाइन वर्करों के लिए आर्थिक पैकेज की मांग की। कमेटी के महासचिव राकेश कुमार ने बताया कि रॉक गार्डन से निकाले गए सभी कर्मचारियों को पुन: नौकरी पर नहीं रखा गया। वहीं अन्य कर्मचारियों को निकालने की प्रक्रिया जारी है, जिसे कमेटी बर्दाश्त नहीं करेगी। अगर प्रशासन ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की तो 12 मई को कोऑर्डिनेशन कमेटी की होने वाली आगामी बैठक में इसे लेकर सख्त फैसला लिया जाएगा । इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।