चंडीगढ़। चंडीगढ़ व्यापार मंडल (सीबीएम) के अध्यक्ष संजीव चड्ढा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। बैठक में व्यापार और व्यापारियों से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष दिवाकर सहूंजा, महासचिव राज किशोर और सलाहकार वरिंदर गुप्ता शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासक को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें चंडीगढ़ में व्यापार को प्रोत्साहित करने के लिए रणनीतिक सुझाव दिए गए ताकि सतत आर्थिक विकास सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में पुराने वैट मामलों के एकमुश्त निपटारा करने, व्यावसायिक भवनों से संबंधित भवन उपनियमों में आवश्यकतानुसार परिवर्तन करने, चंडीगढ़ को ग्रीन सिटी और उत्तरी भारत का एंटरटेनमेंट व रिटेल हब बनाने के प्रस्ताव और शहर में व्यापार से जुड़े मामलों की स्थायी निगरानी के लिए ट्रेड बोर्ड का गठन करने आदि प्रमुख मुद्दे थे, जिन पर चर्चा हुई। प्रशासक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इन प्रस्तावों को लागू करने और शहर के व्यापार के विकास की दिशा में सकारात्मक कदम उठाएंगे।