जेपी अत्रे मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत हुए मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। अरमान वाधवा की हरफनमौला खेल (3 विकेट व नाबाद 54 रन) और हर्ष त्यागी की सटीक गेंदबाजी की बदौलत मिनर्वा अकादमी क्रिकेट क्लब और दिल्ली रण स्टार क्रिकेट क्लब ने 30वें अखिल भारतीय जेपी अत्रे मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली।
यूटी क्रिकेट एसोसिएशन 3 विकेट से हारा
सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए क्वार्टर फाइनल में यूटी क्रिकेट एसोसिएशन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 269 रन बनाए। शिवम भांबरी ने 52, कप्तान मनन वोहरा ने 51 और निखिल शर्मा व तुषार जोशी ने 41-41 रन बनाए। मिनर्वा अकादमी की ओर से अरमान वाधवा व तेजप्रीत ने 3-3 विकेट लिए। जवाब में मिनर्वा अकादमी ने 48 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कार्तिक शर्मा ने 59, अरमान वाधवा ने विजयी नाबाद 54 रन बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दिल्ली रण स्टार ने आरबीआई को 7 विकेट से हराया
पंचकूला के टीडीएल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे क्वार्टर फाइनल में आरबीआई की टीम 45 ओवर में 168 रन पर सिमट गई। दिल्ली रण स्टार की ओर से राहुल ए चौधरी ने 4 और हर्ष त्यागी ने 2 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली रण स्टार ने 25.4 ओवर में 3 विकेट खोकर 171 रन बनाए। यश डबास ने 69 रन ठोके, जबकि हर्ष त्यागी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
सेमीफाइनल शेड्यूल
शनिवार को पहला सेमीफाइनल टीडीएल क्रिकेट स्टेडियम, पंचकूला में भारतीय रेलवे बनाम दिल्ली रण स्टार क्रिकेट क्लब के बीच खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल सेक्टर-16, चंडीगढ़ में हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन और मिनर्वा अकादमी क्रिकेट क्लब के बीच होगा।