साधारण से परिवार में जन्म लेने वाला सिवानी का छोरा अरविंद केजरीवाल एक बार फिर देश की राजधानी दिल्ली में पूर्ण बहुमत के साथ राज करेगा। सिवानी वासी बेसब्री से इस दिन का इंतजार कर रहे थे। मंगलवार को जैसे ही परिणाम अपेक्षा से भी अधिक आए तो न केवल परिजनों ने बल्कि शहर के लोगों ने होली और दीवाली एक साथ मनाई।
देर शाम तक सिवानी में जुलूस का सिलसिला जारी रहा। जीत की खुशी में कहीं रसगुल्लों की स्टाल लगी तो कहीं लड्डू बांटे गए। इस दौरान जमकर रंग गुलाल उड़ाया गया तो आतिशबाजी में भी शहर के लोगों ने कंजूसी नहीं बरती।
विजय जुलूस जैसे ही अरविंद के घर के बाहर डीजे के साथ पहुंचा तो अरविंद केजरीवाल की बहनें चिंकी, लक्ष्मी और भांजे विपुल, पवन, मोटू, दिनेश, भोलू, कृष्ण फोगला, हेमंत गर्ग भी डीजे पर चल रहे गानों पर जमकर थिरके और शहर के लोगों के साथ खुशियां साझा की। डीजे पर अरविंद केजरीवाल की जीत की खुशी में विशेष तौर से भजन गायक सुभाष दीवाना की आवाज में गाए गए गीत पर लोगों ने जमकर डांस किया।
परिवार के लोग बोले निश्चित रूप से दिल्ली के नतीजों का असर न केवल अकेले हरियाणा बल्कि पूरे देश की राजनीति पर पड़ेगा।
दिल्ली में मोदी लहर पर सवार भाजपा की किरण बेदी के खिलाफ सिवानी में जन्मे अरविंद केजरीवाल की जीत पर पूरे शहर को पहले से ही उम्मीद थी।
यहां से उनके परिवार के सदस्यों के साथ-साथ काफी संख्या में लोग प्रचार के लिए दिल्ली भी गए थे। मंगलवार को गिनती शुरू होते शहरवासियों ने टेलीविजन के आगे टकटकी लगा दी।