पिंजौर। कालका विधायक प्रदीप चौधरी को हारट्रॉन आईटी प्रोफेशनल वेलफेयर एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने उनके आवास पर मिलकर अपनी मांगों से संबंधित मांगपत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि हरियाणा के विभिन्न विभागों, बोर्ड, मिशन और निगमों में हारट्रॉन के तहत अनुबंध के आधार पर काम कर रहे आईटी प्रोफेशनल के लिए नियमतीकरण की पॉलिसी बनाकर सेवाएं नियमित करने और अन्य सभी लाभ प्रदान करने की मांग की। इसके अलावा विधायक प्रदीप चौधरी से डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल ने मिलकर कुछ मांगें उनके समक्ष रखीं। मानसून सत्र को देखते हुए कर्मचारी अपनी अपनी मांगें लेकर विधायकों के पास जा रहे हैं ताकि विधानसभा सत्र में उनकी मांगों को उठाया जा सके। विधायक प्रदीप चौधरी ने सभी कर्मचारियों को भरोसा दिलाया की सत्र में अवसर मिलने पर वह अपनी बात रखेंगे। इसमें चाहे कर्मचारियों से जुड़े हुए मुद्दे हो या फिर अन्य क्योंकि सरकार समय कम देती है और हालत ये है की कालका विधानसभा में आज इतने ज्यादा मुद्दे हैं जिन पर सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। लंबे समय से कर्मचारी काम कर रहे हैं। उन्हें सैलरी बहुत कम मिल रही है और उन्हें पक्का भी नहीं किया जा रहा है।