चंडीगढ़ में बनेगा देश का पहला सेंटर फॉर साइबर ऑपरेशन एंड सिक्योरिटी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश के पहले सेंटर फॉर साइबर ऑपरेशन एंड सिक्योरिटी (सीईएनसीओपीएस) की आधारशिला सोमवार को सेक्टर-18ए स्थित गवर्नमेंट प्रेस बिल्डिंग में रखी। यह छह महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। इस पर 88 करोड़ खर्च होंगे। इसके बनने से चंडीगढ़ पुलिस समेत अन्य राज्यों को जटिल साइबर अपराध सुलझाने और साइबर सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने में मदद मिलेगी। इसमें डाटा एनालेटिक्स एंड प्रिडिक्टव पुलिसिंग, एविडेंस कलेक्शन एंड एडवांस्ड फॉरेंसिक्स, साइबर सिक्योरिटी एंड साइबर क्राइम इनवेस्टिगेशन, सोशल मीडिया एनालेटिक्स एंड सिटिजन आउटरीच की सुविधा होगी।
इस मौके पर यूटी प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित, सांसद किरण खेर और डीजीपी प्रवीर रंजन समेत अन्य अफसर भी मौजूद रहे। सीईएनसीओपीएस प्रोजेक्ट का काम डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (डीआरडीओ) को दिया गया है। यह प्रोजेक्ट साइबर क्राइम प्रिवेंशन अगेंस्ट वुमन एंड चिल्ड्रेन स्कीम के तहत शुरू किया गया है।