कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य और रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा को फिर एक बार ‘श्रेष्ठ सांसद अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान उनकी प्रगतिशील सोच और संसद में सक्रियता के लिए मिला है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और उद्यम मंत्री गिरिराज सिंह ने दीपेंद्र को सम्मानित किया।
अपने प्रशस्ति पत्र में फेम संस्था ने कहा कि सादगी पसंद दीपेंद्र हुड्डा ने कभी अपने समर्थकों को निराश नहीं किया है। हमेशा एक सच्चे नेता का धर्म निभाया है। 2017 में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन कह चुकी हैं कि दीपेंद्र संसद में तथ्यों के आधार पर अपनी बात पूरी गंभीरता से रखते हैं और कई बार अपनी बात कहने के लिए राजनीति से ऊपर उठकर बेबाकी से सदन में जनहित के मुद्दों को उठाते हैं।
दीपेंद्र ने कार्यक्रम में कहा कि अवार्ड मिलने पर गौरव की अनुभूति हुई है। हरियाणा के लोगों का प्रेम उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है। यह सम्मान मेरे क्षेत्र के हर मतदाता, हर हरियाणा वासी को समर्पित है, जिनके आशीर्वाद और प्यार के बिना कोई भी सम्मान संभव नहीं।
रोहतक और हरियाणा के लोग ही मेरा परिवार है और मेरी हर समय यही कोशिश होती है कि हर क्षण वह अपने लोगों के काम आ सकें। पिछले 15 साल में एक सांसद के रूप में उनका प्रयास रहा है कि वे अपने लोकसभा क्षेत्र को आदर्श क्षेत्र विकसित कर सकें।