पंजाब में कांग्रेस शीघ्र ही सीएम का नाम घोषित कर देगी। यह बात राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने जालंधर में पत्रकार वार्ता में कही। वह इन दिनों पंजाब में कांग्रेस प्रचार के दौरे पर हैं।
शर्मा के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर सिंह शेरगिल के अलावा जालंधर के नवनियुक्त प्रधान दलजीत सिंह आहलूवालिया, संजय सहगल भी मौजूद थे। शर्मा ने कहा कि पंजाब में मौजूदा गठबंधन सरकार ने जहां किसानों के साथ धोखा किया है वहीं पंजाब को नशे के दलदल में गिरा दिया है।
पंजाब में ड्रग फैल चुका है और इसकी जिम्मेदार सूबा सरकार है। जब वह केंद्रीय मंत्री थे तो पंजाब के किसानों को बचाने के लिए कई कदम उठाए थे। आयात गेहूं पर 25 फीसदी ड्यूटी लगा दी थी ताकि किसानों को उनके गेहूं का उचित मूल्य मिल सके।
शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार ने यह ड्यूटी खत्म कर दी है और अब कई बड़े घराने विदेशों से गेहूं आयात कर रहे हैं। इसमें बड़ा घोटाला होने की आशंका है। पंजाब चुनाव में कोई त्रिकोणीय मुकाबला नहीं है।
यहां पर आरएसएस की बी टीम आप चुनाव लड़ रही है और यह भाजपा का हिस्सा है। जब केंद्र में यूपीए की सरकार थी तो आप व आरएसएस के नेता आपस में मिलकर आंदोलन चलाते थे।