सिवानी के गांव गरवां में कैंसर पीड़ित पिता की मौत के बाद कफन और अंतिम संस्कार का सामान लेने जा रहे बेटे की भी सड़क हादसे में मौत हो गई। एक साथ बेटे और पिता की मौत के बाद पूरे गांव में मातम छा गया।
मृतक युवक का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया है। मृतक युवक हिसार के कांग्रेसी नेता वजीर पूनिया का साला है। वजीर पूनिया नारनौंद क्षेत्र से कांग्रेस की टिकट के दावेदार थे।
गरवां गांव निवासी मुकेश रविवार सुबह अपने पिता रणबीर की मौत के बाद बहल से कफन और अंतिम संस्कार का सामान लेने जा रहा था। मुकेश बाइक पर सवार था, जब वह गांव से निकला तो उसकी बाइक को सामने से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी।
हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान मुकेश ने दम तोड़ दिया। मुकेश के जीजा कांग्रेसी नेता वजीर पूनिया ने बताया कि रविवार देर रात उनके ससुर रणबीर की मौत हो गई थी। सुबह जब मुकेश बाइक पर सवार होकर वहां जाने लगा तो हादसे का शिकार हो गया।
एक साथ बाप-बेटे का अंतिम संस्कार
सोमवार देर शाम पिता-बेटे का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। दोनों की मौत की खबर सुनकर पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों के अनुसार मृतक मुकेश की तीन बेटियां हैं। वह खेतीबाड़ी का काम करता था।