हरियाणा सरकार ने छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत वेतन ले रहे कर्मचारियों के साथ ही पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की है। इनका भत्ता नौ फीसदी बढ़ा है। अभी तक इन्हें 203 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा था, जो बढ़कर 212 प्रतिशत हो गया है। पहली जुलाई 2022 से पेंशनर्स को इसका लाभ मिलेगा। राज्यपाल की मंजूरी के बाद अतिरिक्त मुख्य सचिव, वित्त ने महंगाई भत्ता बढ़ाने की अधिसूचना जारी की है। कर्मचारियों, पेंशनर्स को बढ़ा हुआ डीए दिसंबर के वेतन और पेंशन के साथ जनवरी 2022 में मिल जाएगा, जबकि जुलाई से दिसंबर तक का एरियर फरवरी महीने में मिलेगा।
किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य नहीं बन सकेंगे 65 से ऊपर आयु वाले
किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य पद के लिए नई गाइडलाइन के अनुसार अब 65 साल की उम्र से ऊपर वाले इस पद के पात्र नहीं बन सकेंगे। हालांकि, इससे पहले आयु सीमा कम से कम 35 साल और इससे ऊपर तय थी। बोर्ड के सदस्यों के पहले से तय भत्तों में 500 रुपये का इजाफा भी किया गया है। इससे पहले प्रत्येक सदस्य को एक सिटिंग के 1500 रुपये दिए जाते थे लेकिन अब बढ़ाकर 2000 रुपये कर दी गई है।
यह नई गाइडलाइन महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी की गई है। बता दें कि अगले दिनों में हरियाणा में किशोर न्याय बोर्ड के सदस्यों की नियुक्ति होनी है। मौजूदा बोर्ड के 13 सदस्य एक्सटेंशन पर चल रहे हैं। नई गाइड लाइन के अनुसार अब आवेदन मांगे जाएंगे। बता दें कि बोर्ड के सदस्य के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य या कल्याण गतिविधियों के क्षेत्र में बच्चों से संबंधित कम से कम सासत साल कार्य का अनुभव होना जरूरी होता है।