राम दरबार फेज-2 में उस समय हंगामा शुरू हो गया, जब एक्टिवा से पत्नी को अस्पताल ले जाने के दौरान कुछ बदमाशों ने रंजिश के चलते युवक पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इससे स्थानीय निवासी नंदलाल (24) बुरी तरह जख्मी हो गया। सेक्टर 31 थाना पुलिस ने मामला दर्ज करके एक आरोपी अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य आरोपी फरार है।
घायल नंदलाल के भाई राजकुमार ने बताया कि वह राम दरबार फेज-2 में रहते हैं। बुधवार रात उसका भाई नंदलाल एक्टिवा से पत्नी को अस्पताल दवा दिलाने ले जा रहा था। आरोप है कि इस दौरान उक्त आरोपियों ने घर से थोड़ी दूर पर नंदलाल का अपहरण करना चाहा लेकिन जब आरोपी कामयाब नहीं हो सके तो उस पर जानलेवा हमला करके फरार हो गए। हमले में नंदलाल के सिर में गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए।
मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल नंदलाल को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सेक्टर 31 थाना पुलिस की जांच में सामने आया कि रंजिशन आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने घायल नंदलाल के बयानों पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।