चंडीगढ़। हल्लोमाजरा स्थित सरकारी स्कूल के पास 6-7 युवकों ने दो भाइयों पर रंजिशन चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस ने घायलों को जीएमसीएच-32 में भर्ती कराया। सेक्टर-31 थाना पुलिस आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में हल्लोमाजरा निवासी नीरज कुमार (19) ने बताया कि वह परिवार समेत रहता है। वह पंचकूला स्थित एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। बीते वीरवार रात वह दोस्त मनोज के साथ किसी काम से मार्केट जा रहा था। आरोप है कि हल्लोमाजरा स्थित सरकारी स्कूल के पास पहुंचा तो साहिल नामक युवक आकर उसके साथ बहस करते हुए बोला कि पिछली बार तो बच गया था, इस बार नहीं छोडूंगा। यह बोल कर वहां से निकल गया। जब वह वहां से आगे जाने लगा तो उसका भाई विशाल मिल गया। दोनों बातें ही कर रहे थे कि अचानक साहिल ने अपने साथियों के साथ चाकू से हमला कर दिया। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने आरोपी साहिल, आकाश, करन, सूरज, दीपक, फैजल, रितिक समेत मानू के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 34 के तहत मामला दर्ज किया है।