थाना कुलगढ़ी के अंतर्गत राजस्थान फीडर नहर में शनिवार को नहर में डूबे दोनों भाइयों के शव मंगलवार को बालेके हेड के पास से बरामद हुए हैं। दोनों भाइयों का गांव के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। शनिवार को उड़ीक सिंह (25) व संदीप सिंह (22) पुत्र वजीर सिंह निवासी गांव शेरखां की घर में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था।
छोटा भाई संदीप देर शाम को नाराज होकर घर से बाहर चला गया। उड़ीक भी उस पर नजर रखे हुए था। संदीप ने राजस्थान फीडर नहर में छलांग लगा दी। उसका भाई उड़ीक भी उसे बचाने के लिए नहर में कूद पड़ा। पानी का बहाव तेज होने के चलते दोनों भाई नहर में बह गए। गोताखोरों ने मंगलवार को बालेके हेड के पास से दोनों के शव बरामद किए।