-नगर निगम चुनाव से पहले पंजाब में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 20 आईएएस व 6 पीसीएस इधर से उधर
-कई आईएएस अफसरों का कद बढ़ाया, खाली बैठे अफसरों को मिली जिम्मेदारियां
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब में नगर निगम चुनावों से पहले प्रशासनिक तंत्र में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। चार जिलों के जिला उपायुक्त (डीसी) बदले गए हैं। कई वरिष्ठ आईएएस अफसरों को उच्च पदों पर तैनात किया गया जबकि खाली बैठे अफसरों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। कुल 20 आईएएस और 6 पीसीएस अफसरों का स्थानांतरण किया गया।
पटियाला की डीसी प्रीति यादव को मार्कफेड की निदेशक बनाया गया। उनकी जगह रूपनगर के डीसी वरजीत वालिया को तैनात किया गया। शहीद भगत सिंह नगर के डीसी रहे अंकुरजीत सिंह को गृह मामलों का अतिरिक्त सचिव बनाया गया जबकि राजस्व एवं पुनर्वास विभाग के विशेष सचिव गुलप्रित सिंह औलख को इस जिले का नया डीसी नियुक्त किया गया। नगर निगम लुधियाना के आयुक्त आदित्य दाचावल को रूपनगर का डीसी बनाया गया। बरनाला के डीसी टी. बैनिथ को राजस्व एवं पुनर्वास विभाग का अतिरिक्त सचिव तैनात किया गया, उनकी जगह जलापूर्ति विभाग के अतिरिक्त सचिव हरप्रीत सिंह को बरनाला का डीसी बनाया गया।
अन्य आईएएस और पीसीएस अफसरों की तैनाती भी व्यापक रही। वित्त विभाग के सचिव विजय नामदेव जेद को एनआईआर मामलों का प्रशासनिक सचिव बनाया गया। ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग के प्रशासनिक सचिव अजीत बालाजी जोशी को टैक्सेशन, कोऑपरेटिव और स्थानीय निकाय चुनाव विंग की जिम्मेदारी भी दी गई। पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग के सचिव अभिनव त्रिखा को वित्त विभाग का प्रशासनिक सचिव बनाया गया। स्वास्थ्य, गृह, बिजली, नवाचार और शहरी विकास विभागों में कई अफसरों को अतिरिक्त या नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
फील्ड अफसरों की नियुक्तियां
सीएम के फील्ड अफसरों की तैनाती फगवाड़ा के एडीसी पीसीएस शिखा भगत को अतिरिक्त कार्यभार सौंपते हुए उन्हें फगवाड़ा नगर निगम का आयुक्त लगाया गया है। तैनाती का इंतजार कर रहे पीसीएस करणदीप सिंह को कृषि विभाग का उप सचिव लगाया गया है। लोपोके के एसडीएम खुशप्रीत सिंह को अमृतसर डेवलपमेंट अथॉरिटी के इस्टेट अफसर का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। अतिरिक्त सहायक आयुक्त राजबीर सिंह को फिरोजपुर में मुख्यमंत्री के फील्ड अफसर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह अरविंद कुमार को श्री मुक्तसर साहिब में मुख्यमंत्री का फील्ड अफसर लगाया गया है। कुलदीप चंद को भी मुख्यमंत्री का फील्ड अफसर तैनात किया गया है।