लुधियाना। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने जिले में चल रहे विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।
बचत भवन में विभिन्न विभागों की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीसी ने बताया कि जिले में कई करोड़ रुपये की विकास योजनाएं प्रगति पर हैं। इनमें ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, मंडी बोर्ड, जल सप्लाई व सैनिटेशन, पावरकॉम, खेल, स्वास्थ्य और नगर निगम से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं, जो जिले के समग्र विकास के लिए अहम हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। साथ ही विभागीय प्रमुखों को व्यक्तिगत रूप से निगरानी सुनिश्चित करने के लिए कहा, ताकि कार्य निर्धारित समय में पूरे हों।
डीसी हिमांशु जैन ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के लिए जारी सरकारी ग्रांट का उद्देश्य जनता को सीधा लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कार्य पूरा होने के तुरंत बाद उपयोगिता प्रमाण पत्र जमा कराने के निर्देश दिए, ताकि आगे की ग्रांट समय पर जारी हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि विकास के लिए आवंटित हर रुपये का उपयोग जनहित में होना चाहिए और किसी भी हालत में फंड लैप्स नहीं होने दिया जाएगा। बैठक में अधिकारियों ने सभी परियोजनाएं समय पर पूरी करने का भरोसा दिलाया।
बैठक में एडीसी (ग्रामीण विकास) अमरजीत बैंस, एडीसी (जनरल) राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।