डेविस कप में पेस और बोपन्ना की जोड़ी ने कोरियाई टीम को 3-0 से हराया। इसके साथ ही टीम इंडिया वर्ल्ड ग्रुप प्ले ऑफ में पहुंची। शुक्रवार को रामनाथन और साकेत मेनानी ने अपने एकल मुकाबले जीतकर 2-0 की बढ़त दिलाई थी। जबकि शनिवार को पेस- बोपन्ना की जोड़ी ने इस बढ़त को 3-0 तक पहुंचा दिया। इस मैच को जीतने में पेस और बोपन्ना की सर्विस और दमदार शॉट्स का विपक्षी टीम के पास कोई जवाब नहीं था।
चंडीगढ़ क्लब के ग्रास कोर्ट पर खेले गए डबल्स मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने कोरिया के युन सियोंग चुंग और होंग चुंग की जोड़ी को बेहद आसानी से सीधे सेटों में 6-3, 6-4,
6-4 से हराया। यह मैच एक घंटा 40 मिनट तक चला। पेस -बोपन्ना ने भी प्वाइंट हासिल करने में कोई कसर नही छोड़ी। कोरियाई खिलाड़ियों ने दूसरे और तीसरे सेट में संघर्ष तो किया लेकिन वह इस भारतीय जोड़ी से पार नहीं पा सके।
इस मैच में टास जीतकर भारत ने पहले सेट के पहले ही गेम में जीत के साथ आगाज किया। हालांकि इस दौरान कोरिया खिलाड़ी भी अपनी सर्विस से गेम जीतकर बराबरी पर आने की काशिश कर रहे थे। पहले सेट के आठवें गेम में भारतीय जोड़ी ने कोरिया की सर्विस को ब्रेक कर 5-3 की अहम बढ़त बना ली। मैच के दूसरा सेट उतार चढ़ाव भरा रहा। जिसमें बाजी कभी भारतीय और कभी कोरिया खिलाड़ियों के हाथ रही। अंत में यह सेट भारत के पक्ष में 6-4 से रहा।
भारत के लिए तीसरा सेट निर्णायक साबित हुआ। इस सेट के छठें गेम में कोरिया ने जहां सर्विस ब्रेक कर 3-3 की बढ़त बनाई। उसके अगले ही गेम में पेस और बोपन्ना ने वापसी करते हुए कोरिया की सर्विस ब्रेक कर बढ़त को 4-3 तक पहुंचा दिया। यह सातवां गेम भारत के लिए मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने आठवां, नौवां, दसवां गेम जीतकर 6-4 से तीसरा सेट भी अपने नाम कर लिया और मैच का नतीजा भारत के पक्ष में रहा।