पिता की गिरफ्तारी के बाद कोमा में गई छह वर्षीय बच्ची नमनजोत का बुधवार को निधन हो गया। वीरवार को नमनजोत का स्थानीय गुरुद्वारा शहीदां साहिब के शमशानघाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इस दौरान मृतक के पिता गुरुप्रकाश सिंह को पुलिस अंतिम संस्कार में शामिल करवाने के लिए 6 घंटे की छुट्टी पर केंद्रीय जेल अमृतसर से लेकर आई थी। इस दौरान शमशान घाट के आसपास पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हुए थे।
कुछ दिन पहले स्थानीय लंडा मार्केट में से गुरुप्रकाश सिंह को तरतनतान की सीआईए स्टाफ की पुलिस उठा कर ले गई थी। मार्केट के दुकानदारों ने गुरुप्रकाश सिंह को निर्दोष बताते हुए उसकी रिहाई के लिए प्रदर्शन भी किया था। इसी दौरान मंगलवार को गुरुप्रकाश की लड़की कोमा में चली गई थी और बुधवार को उसकी मौत हो गई। परिवार के लोगों का आरोप था कि लड़की की मौत पिता को अवैध रूप में हिरासत में रखने के कारण हो गई थी। जिस को लेकर परिजनों ने प्रदर्शन कर गुरप्रकाश सिंह की रिहाई की मांग की थी।