दत्तात्रेय और आडवाणी ने साझा किए संस्मरण
नई दिल्ली में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने लाल कृष्ण आडवाणी से की मुलाकात
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने शुक्रवार को पूर्व उप-प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी को भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित होने पर उनके दिल्ली स्थित आवास पर जाकर उन्हें बधाई दी। इस दौरान उन्होंने प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान करने के लिए भारत सरकार को भी बधाई दी। उन्होंने कहा, मैं ऐसे महान व्यक्तित्व वाले दिग्गज से मिलकर बहुत प्रसन्न और धन्य महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कहा- हमने पुरानी यादों को ताजा करते हुए चर्चा की और संस्मरण साझा किए। अस्सी के दशक के अंत से लेकर 2014 तक देश को विकसित करने के लिए साथ बिताए गए अपने सफर के दौरान की बातों को भी साझा किया और वे इस दौरान की बेहतरीन यादों पर मुस्कुराए और हंसे भी।