चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स, डिप्लोमा और एडवांस डिप्लोमा कोर्स में आवेदन करने का सोमवार को आखिरी दिन था। लेकिन तेज बारिश की वजह से खराब मौसम के चलते डीयूआई की ओर से सोमवार को नोटिस जारी कि गया है कि पीजी कोर्स में दाखिला आवेदन प्रक्रिया 17 जुलाई तक बढ़ाई जा रही है। इससे विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी और सभी को मौका मिल सकेगा। डीयूआई की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक उम्मीदवारों को दाखिला फीस भी 17 जुलाई तक जमा करवाने का मौका मिलेगा। दाखिला के लिए ऑनलाइन आवेदन पीयू की वेबसाइट https://onlineadmissions.puchd.ac.in पर जाकर करना होगा। वहीं, उम्मीदवार एक साथ आठ कोर्स के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उम्मीदवारों को अलग-अलग फीस जमा करवानी होगी। पीजी, डिप्लोमा और एडवांस डिप्लोमा कोर्स में दाखिले के संबंधी कोई भी परेशानी आने पर उम्मीदवार admnsupportpu.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं, दाखिला संबंधी सभी अपडेट और शेड्यूल पीयू की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे, इसे नियमित चेक करें।