न्यू चंडीगढ़। न्यू चंडीगढ़ के मुख्य हाईवे पर अधिकांश स्ट्रीट लाइटें खराब होने से रात के समय वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाईवे के कई हिस्सों में लंबे समय से लाइटें बंद हैं, जिससे शाम ढलते ही सड़क के बड़े हिस्से में अंधेरा छा जाता है। मुख्य मार्ग होने के कारण यहां दिन-रात वाहनों की आवाजाही रहती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सामने से आने वाले वाहनों की तेज रोशनी के बीच सड़क की स्थिति स्पष्ट दिखाई नहीं देती। अंधेरे के कारण पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि न्यू चंडीगढ़ में लगातार आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र विकसित होने से यातायात बढ़ रहा है, लेकिन प्रकाश व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। स्थानीय निवासियों ने संबंधित विभाग से खराब लाइटों की जांच कर उन्हें जल्द ठीक कराने की मांग की है।
लोगों ने कहा कि हाईवे पर नियमित रूप से स्ट्रीट लाइटों की जांच और रखरखाव की व्यवस्था होनी चाहिए। उनका कहना है कि लाइटें ठीक होने से सड़क पर पर्याप्त रोशनी होगी और रात के समय वाहन चालकों व राहगीरों को होने वाली परेशानी भी कम होगी।