नारायण साईं के खिलाफ चल रहे मामले में प्रमुख गवाह पानीपत के महेंद्र चावला ने कहा है कि उसकी जान को खतरा है और कभी मारा जा सकता है। चावला ने उसे दी गई पुलिस सुरक्षा को नाकाफी बताया है।
चंडीगढ़ में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में उसने कहा कि वह नारायण साईं के अलावा आसाराम के सभी मामलों गवाह है और उसकी गवाही से आसाराम का पूरा परिवार जेल में जा सकता है। ऐसे में उसे अद्धसैनिक बल के जवानों की सुरक्षा मुहैया करवाई जानी चाहिए।
चावला ने कहा कि छह मुख्य गवाहों में से दो की हत्या हो चुकी है और उस पर भी पानीपत में 13 मई को अज्ञात लोगों ने गोली चलाई थी। उस समय उसे दिया गया एक गनमैन भी मौके पर नहीं था।
उसने खुद पर हुए हमले की सीबीआई जांच की मांग की और ऐसा नहीं होने पर कोर्ट में जाने को कहा। इस मामले में हरियाणा पुलिस ने किसी तरह की प्रतिक्रिया देने से इनकार किया है।