संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक दल के वरिष्ठ नेता और भाकियू एकता सिद्धूपुर के प्रदेश अध्यक्ष जगजीत सिंह डल्लेवाल ने मातृभाषा पंजाबी के लोक गायक राजवीर सिंह जवंदा के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
उनका कहना है कि उनके इस नश्वर संसार को अलविदा कहने से मातृभाषा पंजाबी को अपूरणीय क्षति हुई है। जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि मातृभाषा पंजाबी का रत्न सरकारी लापरवाही के कारण इस नश्वर संसार से ओझल हो गया है। एक तरफ सरकार ने लावारिस पशुओं की देखभाल के लिए लोगों से गाय सेस और रोड टैक्स के रूप में सैकड़ों करोड़ रुपये लिए हैं और दूसरी तरफ उन्हें सड़कों पर खुला घूमने के लिए छोड़ दिया है जिससे लोगों की जान जा रही हैं।
बाजारों और सड़कों पर लावारिस पशुओं के झुंड नियमित रूप से देखे जा सकते हैं और जिनके कारण हर दिन कई कीमती जानें जा रही हैं और इन्हीं पशुओं के कारण राजवीर की जान चली गई।