कई राज्यों के लिए परेशानी का सबब बना चक्रवाती तूफान 'अम्फान' चंडीगढ़ में भी दस्तक दे सकता है। 21 मई के बाद इस चक्रवाती तूफान के आने की पूरी संभावना बनी हुई है। तूफान के कारण चंडीगढ़ सहित मोहाली और पंचकूला में भी मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार तूफान के दौरान तेज हवाओं के साथ ही बारिश की संभावना है। हवाओं की गति 40 से 45 किलोमीटर हो सकती है। मौसम विभाग भी अलर्ट मोड पर है और हालात पर पल-पल नजर बनाए हुए है। इस समय देश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है।
इसके कारण उत्तर भारत के प्रमुख राज्य चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। बंगाल की दक्षिण-पूर्वी खाड़ी और पड़ोसी क्षेत्रों से उठा चक्रवाती तूफान अम्फान अगले 12 घंटे में खतरनाक रूप ले सकता है। बुधवार को बंगाल की खाड़ी से निकलकर यह तूफान लैंड करेगा जिसके बाद तूफान धीरे-धीरे कमजोर होता जाएगा।
थाईलैंड ने किया नामकरण
इस बार चक्रवाती तूफान का नामकरण थाईलैंड ने किया है। आपको बता दें कि समुद्री तूफानों के नाम रखने का सिलसिला 2004 में शुरू हुआ। इसके लिए आठ देशों की एक सूची बनाई गई। इन देशों को क्रमानुसार आठ नाम देने हैं।
जब जिस देश का नंबर आता है तो उस देश की सूची में दिए गए नाम के आधार पर उस तूफान का नामकरण कर दिया जाता है। इनमें बांग्लादेश, भारत, मालदीव, म्यांमार, ओमान, पाकिस्तान, श्रीलंका और थाईलैंड शामिल हैं। हर देश ने आठ नाम दिए हैं। इस तरह कुल 64 नाम अब तक तय किए जा चुके हैं।
चंडीगढ़ में क्या हो सकता है नुकसान?
- तेज हवाओं से विद्युत आपूर्ति हो सकती है प्रभावित।
- सड़क के किनारे लगे कमजोर हो चुके पेड़ों को खतरा।
- आम और लीची की फसल को भी हो सकता है नुकसान।
- सड़कों पर चलने वाले दो पहिया वाहन चालकों को नुकसान।
21 मई के बाद अम्फान की चंडीगढ़ सहित पंजाब और हरियाणा में आने की पूरी संभावना है। हालांकि यहां तक आते-आते यह काफी कमजोर हो चुका होगा, लेकिन इसके बाद भी मौसम विभाग हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को भी इसकी जानकारी दे दी जाएगी।
- सुरेंद्र पाल, निदेशक, मौसम विभाग, चंडीगढ़।