हरियाणा में महाशिवरात्रि पर रविवार को मंदिर सुबह 5 बजे से रात दस बजे तक खुले रहेंगे। गुरुग्राम व फरीदाबाद में यह छूट कोरोना केस ज्यादा होने के कारण नहीं दी गई है। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजय वर्धन की ओर से शुक्रवार देर रात इस संबंध में सभी मंडलायुक्तों, डीसी व एसपी को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
सरकार के आदेशानुसार मंदिरों में सामूहिक आरती नहीं होगी। प्रसाद, लंगर पवित्र जल का वितरण नहीं किया जा सकेगा। एकत्रित होकर श्रद्धालु एक दूसरे को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं नहीं दे पाएंगे। मंदिरों में अकेले प्रार्थना करने की ही अनुमति होगी। दो गज की दूरी के साथ फेस मास्क जरूरी है। मंदिरों में पहले से चल रही कम्युनिटी किचन सुविधा सामाजिक दूरी के साथ जारी रहेगी। मंदिरों का सैनिटाइजेशन नियमित अंतराल पर करना होगा। सभी मंडलायुक्तों, डीसी, एसपी को सरकार ने महाशिवरात्रि पर पर्याप्त प्रबंध करने के लिए कहा है।
राजस्थान, उत्तर प्रदेश के लिए चला रहे 100 बसें
अंतरराज्यीय परिवहन सेवाओं के तहत वर्तमान में राजस्थान 60 और उत्तर प्रदेश के लिए 40 बसें चलाई जा रही हैं। पहली जुलाई को हरियाणा परिवहन की बसों में यात्रियों की संख्या प्रतिदिन 60,000 रही, जो अब एक लाख का आंकड़ा पार चुकी है। कोविड-19 के दौरान चार लाख 43000 श्रमिकों को विशेष रेलगाड़ियों व बसों के माध्यम से उनके राज्यों में भेजा गया।