चंडीगढ़। यूटी प्रशासन ने भले ही शहर में शाम पांच बजे दुकानें बंद करने, शाम 6 बजे कर्फ्यू के अलावा शनिवार-रविवार को वीकेंड कर्फ्यू लगा दिया हो, लेकिन सेक्टर-26 मंडी में कोई असर नहीं दिख रहा है। आम दिनों की तरह शनिवार को मंडी में भारी भीड़ दिखी। सख्ती के नाम पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी जरूर मौजूद थे, लेकिन इस तरफ किसी का ध्यान नहीं था। लोग भी अपनी खरीदारी में व्यस्त थे। लोगों ने न मास्क लगा रखा था और न सामाजिक दूरी थी। हालांकि, मास्क सभी के पास थे, लेकिन वह कान पर लटकाने के साथ गले में फंसाए हुए थे। यह हालात तब हैं, जब प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।