मालेरकोटला में कर्फ्यू के दौरान गश्त कर रही पुलिस पार्टी पर करीब 24 लोगों ने ईंट पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में दो एएसआई और एक हवलदार घायल हो गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार सोमवार को मालेरकोटला के माना फाटक के बाहर कर्फ्यू के दौरान क्रिकेट खेल रहे कुछ लोगों को जब गश्त कर रही पुलिस ने घर जाने को कहा तो उन्होंने ईंट-पत्थरों से पुलिस पार्टी पर हमलाकर दिया।
हमले में दो सहायक थानेदार हरप्रीत सिंह और सुखदेव सिंह समेत हवलदार रमनजीत सिंह घायल हो गए। तीनों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस थाना सिटी-2 मालेरकोटला को सूचना मिली थी कि माना फाटक के बाहरी क्षेत्र में एक दुकानदार बगैर किसी मंजूरी के दुकान खोलकर महंगे भाव पर सामान बेच रहा है। जब पुलिस पार्टी उधर जा रही थी तो एक खाली जगह में क्रिकेट खेल रहे लोगों को पुलिस मुलाजिमों ने अपने घर जाने के लिए कहा।
सिविल अस्पताल में उपचाराधीन एएसआई हरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस मुलाजिमों पर करीब 20 से 25 लोगों ने हमला किया था। थाना सिटी-2 मालेरकोटला के प्रभारी दीपइंद्र सिंह जेजी के मुताबिक हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।