गुरुद्वारा माता राज कौर (मंजी साहिब) की प्रबंधक कमेटी द्वारा श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव पर मंगलवार को नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन पंच प्यारों की अगुवाई में गुरुद्वारा श्री माता राज कौर जी से मोहल्ला गोबिंदपुरा, मोरीगेट, मोटर मार्केट, समाधि गेट, माड़ीवाला टाउन से होता हुआ गुरुद्वारा देहरा साहिब में बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
नगर कीर्तन में रागी जत्थों ने गुरु जी की वाणी से संगतों को निहाल किया। नगर कीर्तन के साथ मनीमाजरा के पार्षद जगतार सिंह जग्गा भी पैदल चलते रहे। उनके साथ लंबरदार हरविंदर सिंह रिंपा, बलजिंदर सिंह लाला, कमल शर्मा शैंकी, चरणजीत सिंह चन्नी, गुलशन आचार्य, बलजिंदर ढिल्लो आदि भी शामिल थे।
नगर कीर्तन का संगत द्वारा जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। रास्तों पर विभिन्न नगर वासियों ने बड़ी श्रद्धा भावना से विभिन्न प्रकार के लंगर लगाए और संगत की सेवा की। बस स्टैंड के पास दीप लैब के सामने दुकानदार कुलवीर सिंह सैनी, मोहसिन सुलेमानी, गौतम प्रदीप, सोनू और भाजपा नेता रविंद्र मान आदि ने नगर कीर्तन को जलपान करवाया। शिरोमणि अकाली दल चंडीगढ़ के सेक्रेटरी अवतार सिंह ने संगतों को गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व पर बधाई दी और लंगर का आयोजन भी किया। नगर कर्तन में हजारों संगतों ने भाग लिया।
इस मौके पर गुरुद्वारा कमेटी प्रधान राजिंदर सिंह, चरण सिंह सैनी, केहर सिंह, गुरदीप सिंह, निरवैर सिंह, गुलाब सिंह, बलजिंदर सिंह, राहुल सिंह, शाम सिंह, इंद्रजीत सिंह व अन्य गण्यमान्य व्यक्ति शामिल थे।