चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) में आयोजित 38वें एआईयू नॉर्थ जोन इंटर-यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल का बुधवार को समापन हो गया। पांच दिनों तक चले इस सांस्कृतिक महोत्सव में 21 विश्वविद्यालयों के लगभग एक हजार विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
यह कार्यक्रम न केवल कला और संस्कृति के क्षेत्र में प्रतियोगिता का मंच बना बल्कि विभिन्न विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को एक-दूसरे से सीखने और राष्ट्रीय एकता को प्रोत्साहित करने का अवसर भी मिला। समापन समारोह पंजाब विश्वविद्यालय के लॉ ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया, जिसमें एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज की अतिरिक्त सचिव डॉ. ममता रानी अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को अकादमिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उनके साथ डॉ. अरुण टी पाटिल और डॉ. बाला लखेंद्र भी एआईयू पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। पीयू की वीसी प्रो. रेनू विग ने विजेताओं को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों की प्रशंसा की। उन्होंने छात्रों को समग्र विकास के लिए शिक्षा और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में संतुलन बनाए रखने की सलाह दी।
विजेताओं की सूची
- ओवरऑल चैंपियंस ट्रॉफी : चंडीगढ़ विश्वविद्यालय
- प्रथम उपविजेता : लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी
- द्वितीय उपविजेता : गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर
- इसके बाद स्थान प्राप्त करने वाले विश्वविद्यालय : पंजाब विश्वविद्यालय और पंजाबी विश्वविद्यालय (पटियाला)