चंडीगढ़। लेक क्लब में वीरवार को ऑडिट दिवस के आयोजन की पूर्व संध्या पर चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) को अपनी सर्वोत्तम उपलब्धियों और पहलों को प्रदर्शित करने के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। ऑडिट दिवस का आयोजन पंजाब और चंडीगढ़ के निदेशक लेखापरीक्षा और जनरल की ओर से किया गया। इसमें पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित मुख्य अतिथि रहे।
परिवहन विभाग के निदेशक प्रद्युमन सिंह ने बताया कि लेखापरीक्षा विभाग ने अक्तूबर 2023 में लेखा परीक्षा करते बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में राजस्व में 33.78 करोड़ रुपये यानी 2021-22 की तुलना में 59.03 फीसदी की वृद्धि हुई है। रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि राजस्व में वृद्धि का कारण सीटीयू की ओर से शुरू की गई विभिन्न पहल हैं। इसमें आईजीआई हवाईअड्डे और खाटू श्याम जी, वृंदावन, सालासर धाम आदि जैसे आध्यात्मिक स्थानों के लिए नई बसों शुरू करना और जयपुर, आगरा, टनकपुर के कुछ पुराने बंद पड़े रूटों को फिर से शुरू करना शामिल है।